[ad_1]
यूपी में अगले पांच महीनोंं में होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे विधानपरिषद की 11 सीटों के लिए आज वोटिंग होगी। यूपी के 75 में से 72 जिलों में मतगणना का इंतजाम किया गया है। इन जिलों में स्कूल में छुट्टी कर दी गई है। शराब की दुकानें भी बंद हैं।
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हो रहे विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव बेहद अहम हो गए हैं। इसे सत्ता का सेमीफाइनल भी माना जा रहा है। कहने को चुनाव केवल 11 सीटों के लिए है लेकिन इसका महत्व इसी से समझा जा सकता है कि खुद मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा की तरफ से कमान संभाली हुई है। कई जनसभाएं कर चुके हैं। भाजपा-सपा के बीच जोरआजमाइश इस कदर हुई है कि दर्जनों मंत्री, कई सांसद और सौ से ज्यादा विधायक कई दिनों से लगे हुए हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर इतना तेज हो गया है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अधिकारियों को जेल जाने की तैयारी रखने की चेतावनी तक दे दी है। 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती और उसी दिन रिजल्ट घोषित होगा।
कुल 11 में से खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पांच और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की छह सीटों पर चुनाव हो रहा है। कुल 14.18 लाख मतदाता 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। यूपी के 75 में से 72 जिलों में मतदान होगा। केवल तीन जिलों कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव में पहले ही चुनाव हो चुका है। सभी 72 जिलों में आज 12वीं तक के स्कूल भी बंद हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग ने 11 प्रेक्षकों की तैनाती की है। मतदाता घर बैठे सीईओ की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर पोलिंग बूथ व क्रम संख्या जान सकते हैं।
सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान
मतदान के लिए 1041 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 456 जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। पोलिंग बूथ पर माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती रहेगी और मतदान की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। मतदान के लिए कुल 2697 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 12309 मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है। चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 1108 भारी वाहन व 1737 हल्के वाहनों को चुनाव कार्य में लगाया गया है।
इन क्षेत्रों के लिए वोटिंग
जिन पांच खंड स्नातक क्षेत्र में चुनाव होगा उनमें लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी व इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। वहीं जिन छह खंड शिक्षक क्षेत्र में चुनाव होगा उनमें लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद व गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतदाता के पास अगर फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो वह आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड व विश्वविद्यालय की ओर से जारी डिग्री-डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र सहित 10 दस्तावेज दिखाने होंगे।
लिपिकीय त्रुटि पर मतदान से नहीं रोका जाएगा
मतदाता सूची में शामिल नाम में लिपिकीय त्रुटि के कारण होने वाली गलतियों के चलते किसी भी वोटर को मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। जरूरी दस्तावेज देखकर पीठासीन अधिकारी मतदान कराएंगे। अगर लिपिकीय त्रुटि के चलते किसी को भी मतदान से रोका गया तो डीएम जिम्मेदार होंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि लिपिकीय त्रुटि के चलते किसी भी मतदाता को मतदान करने से न रोका जाए। चुनाव वाले सभी जिलों में कंट्रोल रूम बनाए जाएं। जहां मतदान से रोके जाने पर शिकायत करने की सुविधा मतदाताओं को मिले। किसी भी कीमत पर कोई भी पात्र मतदाता नाम में लिपिकीय त्रुटि के चलते मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। सभी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शांतिपूर्ण ढंग से मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाए। लिपकीय त्रुटि के चलते मतदान से रोकने की शिकायत मिली तो डीएम की जिम्मेदारी व जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
वोटिंग वाले सभी जिलों में स्कूल और शराब की दुकानें बंद
विधान परिषद चुनाव के कारण वोटिंग वाले जिलों में 12वीं तक के स्कूल और शराब की दुकानें बंद हैं। इसी प्रकार 27 अक्तूबर को मतगणना वाले दिन भी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। स्कूलों को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारियों ने आदेश जारी किया है। इसी तरह शराब दुकानों के लिए आबकारी आयुक्त की ओर से आदेश जारी हुआ है। इसमें कहा गया है कि कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़ कर शेष सभी जिलों में लोक शान्ति बनाए रखनेई स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण मतदान एवं मतगणना कराए जाने के उद्देश्य से देशी-विदेशी शराब की बिक्री नहीं होगी।
[ad_2]
Source link

