संवाददाता@रामबली मिश्रा…..

जरहा गांव के टोला गजरीडाड़ में गुरुवार को अजीर नदी में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान अजय पुत्र कृष्णा, निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। वह अपने मामा राजू केवट के साथ गजरीडाड़ में रहता था।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अजय नदी में नहाने गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान रात करीब नौ बजे अजीर नदी में उसका शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार, अजय को मिर्गी का दौरा आता था। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करने के दौरान वह पानी में डूब गया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद भारती से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नदी से शव निकलवाया। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए शुक्रवार दुद्धी सी एच सी भेजवा दिया।