मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के दो दिवसीय क्षेत्रीय अधिवेशन में काशी प्रांत के सोनभद्र जनपद से तीन अधिवक्ता प्रतिभाग करेंगे। इनमें राजीव सिंह गौतम एडवोकेट, विनोद कुमार शुक्ल एडवोकेट एवं संजीव कुमार शुक्ला एडवोकेट शामिल हैं।

अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद का क्षेत्रीय अधिवेशन 24 एवं 25 अक्टूबर को गाजियाबाद के नेहरू नगर में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से अधिवक्ता प्रतिभाग करेंगे। अधिवेशन के दौरान अधिवक्ताओं के हितों, न्याय व्यवस्था तथा विभिन्न संवैधानिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इससे पूर्व वर्ष 2025 में अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद का राष्ट्रीय अधिवेशन राजस्थान के बालोतरा-जोधपुर क्षेत्र में आयोजित हुआ था। उस अधिवेशन में भारतीय संविधान के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई थी। इसमें भारत सरकार के विधि मंत्री के साथ देशभर से न्यायिक पदाधिकारी एवं अधिवक्ताओं ने प्रतिभाग किया था।

अधिवक्ता परिषद के जिला महामंत्री विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि परिषद का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब एवं आदिवासी व्यक्ति न्याय पाने से वंचित न रहे, इसके लिए परिषद निरंतर प्रयासरत है।
