Last Updated:
Anjali Arora Kanpur Controversy: ‘कच्चा बादाम’ से रातोंरात पॉपुलर हुईं अंजली अरोड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. कानपुर में एक इवेंट को लेकर उनके खिलाफ कानूनी कदम उठाया गया है. आयोजक पक्ष ने अंजली और उनकी मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मामला सिर्फ कम समय तक परफॉर्म करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भारी-भरकम हर्जाने की मांग भी जुड़ गई है. अब सबकी नजर अंजली के अगले कदम पर है.
अंजली अरोड़ा 15 अक्टूबर को कानपुर के लाजपत भवन लॉन में आयोजित ‘नगाड़ा नाइट’ में पहुंची थीं.
नई दिल्ली. सोशल मीडिया पर ‘कच्चा बादाम’ गाने से पहचान बनाने वाली इन्फ्लुएंसर अंजली अरोड़ा एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनका कोई वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि कानपुर में हुआ एक कार्यक्रम है. आरोप है कि अंजली अरोड़ा तय समय तक मंच पर नहीं रुकीं और जितनी देर की प्रस्तुति का वादा किया गया था, उससे काफी कम समय में कार्यक्रम छोड़कर चली गईं. अब इस मामले ने कानूनी रूप ले लिया है. कार्यक्रम के आयोजक ने अंजली और उनकी मैनेजर को 1 करोड़ 20 लाख रुपये का लीगल नोटिस भेजा है. साथ ही 15 दिन के अंदर जवाब देने, हर्जाना चुकाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई है.
इस पूरे मामले में अंजली अरोड़ा भी अपना पक्ष रख चुकी हैं. ऐसे में सवाल है कि आखिर कानपुर के इस कार्यक्रम में ऐसा क्या हुआ कि मामला लाखों के कथित नुकसान से बढ़कर करोड़ों रुपये के नोटिस तक पहुंच गया?
12 मिनट प्रस्तुति देकर लौटने का आरोप
यह मामला 15 अक्टूबर 2026 को कानपुर के लाजपत भवन लॉन में आयोजित ‘नगाड़ा नाइट’ कार्यक्रम से जुड़ा है. आयोजक आशीष कुमार के मुताबिक, इस कार्यक्रम में अंजली अरोड़ा को प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया था. उनकी मैनेजर प्रीति दुबे के साथ बातचीत के बाद 30 मिनट की प्रस्तुति के लिए तीन लाख रुपये तय किए गए थे. आयोजकों का दावा है कि बाद में प्रस्तुति का समय बढ़ाकर 45 मिनट करने पर भी सहमति बनी थी. आयोजक के मुताबिक, अंजली को रात 9 बजे से 9:45 बजे तक प्रस्तुति देनी थी, लेकिन वह करीब 9:45 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचीं. इसके बाद उन्होंने मंच पर लगभग 12 मिनट तक प्रस्तुति दी और वहां से चली गईं. आयोजकों का कहना है कि इससे कार्यक्रम की योजना प्रभावित हुई और दर्शकों के साथ-साथ आयोजन से जुड़े लोगों को भी परेशानी हुई.
आयोजकों को हुआ 20 लाख का नुकसान?
आयोजक पक्ष का कहना है कि अंजली की फीस के अलावा हवाई टिकट, होटल और दूसरी व्यवस्थाओं पर एक लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए गए थे. आरोप है कि कार्यक्रम उम्मीद के मुताबिक नहीं चल पाने के कारण प्रायोजकों से मिलने वाला सहयोग भी प्रभावित हुआ. आयोजकों ने इस पूरे मामले में 18 से 20 लाख रुपये तक के नुकसान का दावा किया है.
मानहानि के लिए एक करोड़ रुपये की मांग
आयोजक आशीष कुमार की तरफ से अधिवक्ता कलीम अहमद सिद्दीकी ने अंजली अरोड़ा और उनकी मैनेजर प्रीति दुबे को लीगल नोटिस भेजा है. नोटिस में कथित मानहानि और कानपुर की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए एक करोड़ रुपये, जबकि आर्थिक और व्यावसायिक नुकसान के लिए 20 लाख रुपये की मांग की गई है. इस तरह कुल 1.20 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा गया है. नोटिस के मुताबिक, दोनों को 15 दिन के भीतर जवाब देने, हर्जाना चुकाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है.
अंजली अरोड़ा ने भी आयोजकों पर उठाए सवाल
आपको बता दें कि विवाद सामने आने के बाद अंजली अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा था. उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे. दूसरी तरफ, आयोजक पक्ष ने उनके आरोपों को बेबुनियाद बताया है. फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों के दावे सामने आए हैं. लीगल नोटिस भेजे जाने का मतलब यह नहीं है कि आरोप साबित हो गए हैं. अब अंजली अरोड़ा और उनकी मैनेजर की ओर से नोटिस पर क्या जवाब दिया जाता है और पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है, इस पर सबकी नजर रहेगी.
About the Author
.jpg?impolicy=website&width=52&height=52)
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
