पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…

आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड नंबर 18 में जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लंबे समय से पानी जमा होने के कारण आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।

इससे मच्छरों के पनपने के साथ ही संचारी रोगों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश अथवा नालियों का पानी कई स्थानों पर जमा हो जाता है। पानी की निकासी नहीं होने से लोगों को आवागमन में भी दिक्कत होती है।

वहीं, लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है।एक ओर जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर वार्ड में जलभराव और गंदगी की समस्या लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराने, नालियों की सफाई कराने और नियमित रूप से कीटनाशक व एंटी लार्वा का छिड़काव कराने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से अभियान के तहत वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाकर जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों के नाम गोपाल श्रीवास्तव जीपी पांडे विनीत पांडे राजेश गुप्ता राहुल विजय राजू सहित अन्य ने जल्द से जल्द समाधान की मांग की है
