संवाददाता@संदीप अग्रहरी….
— घर-घर जले दीपक, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा म्योरपुर; ऐतिहासिक रामलीला और भव्य जुलूस ने श्रद्धालुओं का मन मोहा

आस्था का सैलाब, जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारे और घर-घर जलते दीप! म्योरपुर कस्बे में बुधवार की रात राम-भरत मिलाप का भव्य जुलूस निकला तो पूरा इलाका राममय हो गया। रथ पर सवार प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। राम-भरत मिलाप के अवसर पर कस्बे के लोगों ने अपने-अपने घरों पर दीप जलाए, जिससे पूरा कस्बा दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपों की जगमगाहट और भक्तिमय माहौल ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

रामलीला के दौरान राजगद्दी प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। श्रीराम और भरत के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आकर्षक झांकियों और कलाकारों के शानदार अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में रामलीला मंडली के अध्यक्ष शनि अग्रहरि और मंच डायरेक्टर अजय अग्रहरि सोनू रंजन अग्रहरि की अहम भूमिका रही। दोनों के प्रयासों और कलाकारों के अभिनय की लोगों ने जमकर सराहना की। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गणेश जायसवाल ने ऐतिहासिक रामलीला के सफल आयोजन पर पूरी मंडली और कलाकारों को धन्यवाद दिया।

वहीं, श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस मौके पर रामलीला कमेटी के महाप्रबंधक सुनील अग्रहरि, अध्यक्ष मोनू जायसवाल, गणेश जायसवाल, अजय सिंह, सुजीत अग्रहरि, जितेंद्र गुप्ता और आशीष अग्रहरि समेत कई सदस्य मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। पुलिस की निगरानी में राम-भरत मिलाप का भव्य कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
म्योरपुर में राम-भरत मिलाप का यह आयोजन भक्ति, परंपरा और आपसी सौहार्द का प्रतीक बना। पूरे कस्बे में दीप जलाकर लोगों ने प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
