@जे0 के0…..
— स्नातक निर्वाचन के लिए 21 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल निर्धारित

Sonbhadra। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए आज कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना हुईं। जनपद में स्नातक निर्वाचन के लिए 21 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ उनके निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया। मतदान प्रक्रिया दिनांक 23 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 08:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक संपन्न होगी।

इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि विधान परिषद वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं तथा निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
