UP School Closed: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) चुनाव के मतदान के चलते 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. लखनऊ, प्रयागराज, गाजियाबाद, कासगंज और सीतापुर में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं.
इन जिलों में परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संचालित स्कूल भी बंद रहेंगे. कुछ जिलों में महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में भी अवकाश घोषित किया गया है. ऐसे में अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए जरूरी है कि वे अपने जिले में जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार स्कूल खुलने और बंद रहने की जानकारी की पुष्टि कर लें.
MLC चुनाव के चलते स्कूलों में छुट्टी
उत्तर प्रदेश में शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है. इसी के मद्देनजर संबंधित जिलों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है. प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों में सभी संबंधित स्कूलों को आदेश का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है. छुट्टी का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर जारी प्रशासनिक निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करना है.
लखनऊ में नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल बंद
राजधानी लखनऊ में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 23 अक्टूबर को नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश रहेगा. यह आदेश परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संचालित स्कूलों पर भी लागू होगा. संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधनों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रयागराज में भी एक दिन का विशेष अवकाश
प्रयागराज जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर 23 अक्टूबर को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे. बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय ने संयुक्त रूप से आदेश जारी किया है. इसके तहत परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त और सीबीएसई, आईसीएसई समेत अन्य बोर्डों के मान्यता प्राप्त विद्यालयों में एक दिन का विशेष अवकाश रहेगा. यह छुट्टी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र के क्रम में विशेष आकस्मिक अवकाश के तहत घोषित की गई है.
गाजियाबाद में स्कूल-कॉलेज बंद
गाजियाबाद में मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के चलते 23 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने की सूचना दी गई है. नर्सरी से 12वीं तक के स्कूलों के साथ उच्च शिक्षण संस्थानों में भी विशेष अवकाश रहेगा. अभिभावकों और विद्यार्थियों को अपने संस्थान की ओर से जारी सूचना पर भी ध्यान देना चाहिए.
कासगंज में भी कक्षा 12 तक छुट्टी
कासगंज में शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव के मतदान के कारण 23 अक्टूबर को कक्षा 12वीं तक के स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार की ओर से जारी आदेश सभी परिषदीय, माध्यमिक और मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा. सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों से संचालित स्कूलों को भी इसका पालन करना होगा. प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को आदेश के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए गए हैं.
सीतापुर में स्कूलों के साथ यूनिवर्सिटी भी बंद
सीतापुर में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने एमएलसी चुनाव के मतदान के मद्देनजर 23 अक्टूबर को विशेष अवकाश घोषित किया है. जिले में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. यह निर्देश परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के साथ सीबीएसई तथा आईसीएसई बोर्ड के स्कूलों पर भी लागू होगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जिले के महाविद्यालयों में भी अवकाश रहेगा.
