संवाददाता@रामबली मिश्रा…..
— बीजपुर बाजार में सोमवार की रात करीब 11 बजे की घटना, गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर, बैढन, सिंगरौली रेफर

बीजपुर थाना क्षेत्र के बीजपुर बाजार में युवकों में ट्यूशन पढ़ाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ दो युवकों ने मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि दो लोगों ने युवक को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सोमवार की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजपुर बाजार निवासी परवेज आलम पुत्र मोहम्मद इसराइल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन घायल युवक को उपचार के लिए एनटीपीसी रिहंद स्थित धन्वंतरि चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहा प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। परिजनो ने सिंगरौली के बैढ़न स्थित ट्रामा सेंटर लेजाकर भर्ती कराकर दवा ईलाज करा रहे है।

इस मामले में घायल की मां गुलशन परवीन ने पुलिस को तहरीर देकर इम्तियाज पुत्र मुख्तार आलम और उसके दोस्त राजवीर पुत्र स्वर्गीय राधे, दोनों निवासी बीजपुर बाजार, पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के अनुसार दोनो युवकों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज़ कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।