@जे0 के0……

Sonbhadra। म्योरपुर थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर देवरी गांव में सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, आश्रम मोड़ निवासी दीपक (18) पुत्र नैन सिंह, रविंद्र (18) पुत्र रामचंद्र और धर्मेंद्र (17) पुत्र भगवान दास एक बाइक पर सवार होकर किरबिल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही देवरी गांव निवासी सूरज (25) पुत्र बसंत लाल और सुरेंद्र (22) पुत्र अकबर की बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस और पीआरवी पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने घायलों का उपचार शुरू किया।

जांच के बाद दीपक और सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि रविंद्र, धर्मेंद्र और सूरज की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में दो युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।