संवाददाता@ख्वाजा खान……

बभनी विकास खंड के घघरी ग्राम पंचायत में आयोजित रामलीला मंचन के दसवें दिन श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ जुटी। रामलीला मंचन के दौरान कलाकारों ने धार्मिक प्रसंगों का सजीव चित्रण कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर प्रस्तुत किए जा रहे प्रसंगों के साथ पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।

रामलीला मंचन के दसवें दिन बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा प्रभारी संजय सिंह धुर्वे तथा म्योरपुर के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामविचार गौतम मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने रामलीला मंचन का आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।
इस दौरान बसपा नेता संजय सिंह धुर्वे ने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी और अभाव के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। ऐसे जरूरतमंद बच्चों को अपनी ओर से निःशुल्क शिक्षा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

साथ ही क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अतिथियों के आगमन पर जनप्रतिनिधि अशोक सिंह खरवार एवं ग्राम प्रधान कृष्णानंद सोनी ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। रामलीला मंचन देखने पहुंचे ग्रामीणों ने धार्मिक आयोजन की सराहना की।

इस अवसर पर अशोक कुमार खरवार, ग्राम प्रधान कृष्णानंद सोनी, मनोज प्रजापति, लालता प्रजापति, मनोज गुप्ता, गणेश गुप्ता, विकास गुप्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दर्शक मौजूद रहे।
