संवाददाता@अनिल कुमार अग्रहरी….

शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को डाला बारी स्थित प्रसिद्ध माता वैष्णो मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा सीमावर्ती चार राज्यों से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद मांगा।

माता वैष्णो मंदिर में महाअष्टमी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां के दर्शन करते रहे और नारियल, चुनरी, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। मंदिर परिसर मां के जयकारों और घंटियों की गूंज से भक्तिमय बना रहा।

परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मंदिर के आसपास प्रसाद, फलाहार, पूजन सामग्री और अन्य दुकानों पर भी सुबह से ही भीड़ बनी रही। श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही से क्षेत्र में चहल-पहल रही।
महाअष्टमी पर माता वैष्णो मंदिर के अलावा डाला स्थित शीतला माता मंदिर, सेक्टर-बी के काली माता मंदिर और सेक्टर-सी के दुर्गा मंदिर समेत आसपास के देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। इन मंदिरों में भी भोर से ही पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया था।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डाला पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मियों ने मंदिर क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी नजर रखी। महाअष्टमी पर डाला क्षेत्र में दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।