मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..19 से 23 अक्टूबर तक होगा जिला स्तरीय चयन, सफल खिलाड़ियों को मंडल और प्रदेश स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में सोनभद्र के खिलाड़ियों को प्रतिभाग करने का अवसर दिलाने के लिए खेल विभाग ने पांच खेलों के जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

क्रिकेट, टेबल टेनिस, फुटबॉल, वॉलीबॉल और कुश्ती के खिलाड़ियों का चयन विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, तियरा, रॉबर्ट्सगंज में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने इच्छुक खिलाड़ियों से समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।

क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने बताया की जारी कार्यक्रम के अनुसार क्रिकेट का जिला स्तरीय ट्रायल 19 अक्टूबर को सुबह 10 बजे आयोजित होगा। वहीं, टेबल टेनिस (जूनियर बालक-बालिका) और फुटबॉल (समन्वय सीनियर पुरुष) के ट्रायल इसी दिन सुबह आठ बजे से होंगे।

सीनियर पुरुष वॉलीबॉल के खिलाड़ियों का चयन 22 अक्टूबर को सुबह आठ बजे किया जाएगा। इसके अलावा समन्वय जूनियर बालिका कुश्ती का ट्रायल 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे निर्धारित किया गया है।

जिला स्तरीय चयन में सफल होने वाले खिलाड़ियों को मंडल स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में सोनभद्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वॉलीबॉल की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 28 से 31 अक्टूबर तक बस्ती में, क्रिकेट प्रतियोगिता 23 से 29 अक्टूबर तक आजमगढ़ में आयोजित होगी।

टेबल टेनिस प्रतियोगिता 23 से 25 अक्टूबर और फुटबॉल प्रतियोगिता 23 से 30 अक्टूबर तक वाराणसी में होगी। वहीं, कुश्ती की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता दो से चार नवंबर तक सुल्तानपुर में आयोजित की जाएगी।

खेल विभाग ने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर खेल सामग्री तथा आधार कार्ड के साथ ट्रायल स्थल पर उपस्थित हों, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। चयन संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए खिलाड़ी जिला खेल कार्यालय, सोनभद्र में संपर्क कर सकते हैं।
