संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार की शाम पिपरी थाना प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पिपरी, रेणुकूट, मुर्धवा और खाड़पाथर में बने लगभग एक दर्जन दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने पंडालों में मौजूद पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों से विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पंडालों में सुरक्षा के इंतजाम, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा पूजा के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में आयोजन समितियों को सतर्कता बरतने के साथ ही सुरक्षा संबंधी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए। निरीक्षण के दौरान जहां भी कोई कमी पाई गई, उसे दूर करने के लिए संबंधित लोगों को निर्देशित किया गया।

थाना प्रभारी ने पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान रेणुकूट चौकी प्रभारी नवनीत कुमार चौरसिया भी मौजूद रहे।