@जे0 के0….
— सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

Sonbhadra। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को धंधरौल बांध का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रतिमा विसर्जन के समय संभावित भीड़ को देखते हुए बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

अधिकारियों ने निर्देशित किया कि विसर्जन कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं समन्वय के साथ संचालित की जाएं, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।

जिला प्रशासन और सोनभद्र पुलिस की ओर से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।