संवाददाता@रामबली मिश्रा…
— कंपोजिट विद्यालय बीजपुर में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, दौड़ और खो-खो प्रतियोगिताओं में बच्चों ने हासिल किए स्थान

स्व. विजय कुमार द्विवेदी की स्मृति में कंपोजिट विद्यालय बीजपुर परिसर में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्राम सागर गुप्ता एवं अति विशिष्ट अतिथि विनोद कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान 50 मीटर और 100 मीटर दौड़ के साथ प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

दौड़ प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी :
50 मीटर दौड़, प्राथमिक बालक वर्ग: कंपोजिट विद्यालय कोडार के अनिल ने प्रथम तथा कंपोजिट विद्यालय बीजपुर के आदित्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 50 मीटर दौड़, प्राथमिक बालिका वर्ग: कंपोजिट विद्यालय डोडहर की सुनैना प्रथम और रागिनी द्वितीय स्थान पर रहीं।100 मीटर दौड़, प्राथमिक बालक वर्ग: कंपोजिट विद्यालय लीलाडेवा के प्रदीप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि साहिल ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

100 मीटर दौड़, प्राथमिक बालिका वर्ग: कंपोजिट विद्यालय सिंदूर की अनुष्का प्रथम और हीरमन द्वितीय स्थान पर रहीं।
100 मीटर दौड़, उच्च प्राथमिक बालक वर्ग: उच्च प्राथमिक विद्यालय राजमिलान के सुनील ने प्रथम तथा बादल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़, उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग: कंपोजिट विद्यालय लीलाडेवा की सुनीता प्रथम और कंपोजिट विद्यालय डोडहर की अंजली द्वितीय स्थान पर रहीं।
खो-खो प्रतियोगिता में सिरसोती और जरहा का शानदार प्रदर्शन:
प्राथमिक वर्ग की बालक एवं बालिका खो-खो प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय सिरसोती की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, उच्च प्राथमिक बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय जरहा की टीम विजेता रही। उच्च प्राथमिक वर्ग की दूसरी खो-खो प्रतियोगिता में सिरसोती की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।

शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों ने बढ़ाया उत्साह:
प्रतियोगिता को सफल बनाने में शिक्षक सुरेंद्र सिंह, रामसजीवन जायसवाल और प्रमोद जायसवाल सहित अनेक शिक्षकों ने सहयोग किया। इस अवसर पर शिक्षामित्र संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष हीरामणि, शिक्षक संघ के अध्यक्ष पवन शुक्लेश, विनोद पाण्डेय, राजेश सिंह, गौरीशंकर गुप्ता, अजय मौर्य, अभिमन्यु जायसवाल, खेल शिक्षक राकेश दुबे, विमलेश यादव, अशोक सिंह, राम अशोक, तेजबली, अभिषेक सिंह, सतेंद्र यादव, मनीष सिंह, आशीष पटेल, आरती, रेनू चौबे, अर्चना विश्वकर्मा, सीमा, सरोज, सुष्मिता त्रिपाठी, कोकिला और एआरपी शिव प्रिया सहित न्याय पंचायत के संकुल शिक्षकों एवं सैकड़ों अध्यापकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन अरविंद द्विवेदी ने किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने, उनकी प्रतिभा निखारने और उनमें अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।