Last Updated:
सिनेमा के इतिहास में कई ऐसी शानदार फिल्में दर्ज हैं, जिन्हें रिलीज के वक्त बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का साथ नहीं मिला और वे फ्लॉप साबित हुईं. लेकिन बीतते समय के बाद इन फिल्मों ने ऐसा जादू चलाया कि आज ये कल्ट क्लासिक की लिस्ट में सबसे ऊपर गिनी जाती हैं. राज कपूर की ‘मेरा नाम जोकर’ से लेकर शाहरुख खान की ‘स्वदेस’ और सोहम शाह की ‘तुम्बाड़’ तक, ऐसी कई बेहतरीन फिल्में हैं जिन्होंने समय के साथ दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी हैं.
नई दिल्ली. किसी भी फिल्म की सफलता या असफलता का फैसला सिर्फ उसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन नहीं कर सकता. कई ऐसी फिल्में होती हैं, जो सिनेमाघरों में दर्शकों को लुभा नहीं पातीं, लेकिन वक्त के साथ कल्ट क्लासिक बन जाती हैं. आज हमको आपको 7 फिल्मों के बारे में बताते हैं, जो शुरुआत में तो फ्लॉप रहीं, लेकिन बाद में दर्शकों के दिलों पर छा गईं. इस लिस्ट में राज कपूर की ‘मेरा नाम जोकर’ से लेकर अमिताभ बच्चन की ‘अग्निपथ’ तक शामिल हैं.
मेरा नाम जोकर: राज कपूर की यह फिल्म एक ऐसे जोकर की कहानी बयां करती है, जो दुनिया को हंसाने के लिए अपनी पर्सनल जिंदगी का हर गम छिपा लेता है. जब यह फिल्म पहली बार साल 1970 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, तो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई. इसकी लंबी अवधि और दर्शकों को भीतर तक झकझोर देने वाली भावुक कहानी उस दौर के दर्शकों के लिए पचा पाना थोड़ा मुश्किल था. हालांकि, समय के साथ यह मूवी मास्टरपीस बन गई और इसके लिए राज कपूर को खूब सराहना मिली. (फोटो साभार: IMDb)
जाने भी दो यारों: कुंदन शाह के निर्देशन में बनी यह सैटिरिकल कॉमेडी दो ऐसे फोटोग्राफर्स की कहानी दिखाती है, जो ईमानदारी से अपनी रोजी-रोटी कमाने की जुगत में सिस्टम के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश कर देते हैं. साल 1983 में रिलीज के वक्त भले ही इसे बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करना पड़ा हो, लेकिन राजनीति, मीडिया और समाज पर इसके तीखे कटाक्ष ने इसे कल्ट क्लासिक बना दिया. फिल्म का क्लाइमैक्स में महाभारत का सीक्वेंस आज भी दर्शकों के बीच उतना ही लोकप्रिय है. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google
अंदाज अपना अपना: आमिर खान और सलमान खान से सजी राजकुमार संतोषी की इस कॉमेडी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली थी. लेकिन इसमें मौजूद सिचुएशनल ह्यूमर, अमर-प्रेम जैसे यादगार किरदार और इसके एक से बढ़कर एक मजेदार डायलॉग्स ने धीरे-धीरे दर्शकों का दिल जीत लिया. साल 1994 में रिलीज हुई यह मूवी आज यह कल्ट कहलाती है और बार-बार देखी जाने वाली कॉमेडी फिल्मों में शुमार है. (फोटो साभार: IMDb)
अग्निपथ: महानायक अमिताभ बच्चन के विजय दीनानाथ चौहान वाले आइकॉनिक किरदार को शुरुआत में दर्शकों ने उस रूप में नहीं अपनाया, जिससे यह बॉक्स ऑफिस पर तुरंत हिट हो सके. मुकुल एस. आनंद के निर्देशन में बनी इस क्राइम ड्रामा फिल्म को बाद में अमिताभ बच्चन की दमदार एक्टिंग और इसके दमदार डायलॉग्स की वजह से एक खास फैन फॉलोइंग मिली. इस फिल्म के रीमेक में ऋतिक रोशन ने काम किया था जो साल 2012 में सुपरहिट रहा. (फोटो साभार: IMDb)
रहना है तेरे दिल में: आर. माधवन और दीया मिर्जा की यह रोमांटिक लव स्टोरी शुरुआती दौर में बॉक्स ऑफिस पर नाकाम रही थी. हालांकि, इसकी प्रेम कहानी और इसका जादुई संगीत धीरे-धीरे युवाओं की जुबान पर चढ़ गया और इसने एक बड़ा दर्शक वर्ग तैयार कर लिया. साल 2001 में रिलीज हुई यह फिल्म आज रोमांस प्रेमियों के दिलों के बेहद करीब है. इसके सदाबहार गाने आज भी लोगों के दिलों में पुरानी यादों और नॉस्टैल्जिया की एक अलग ही लहर जगा देते हैं. (फोटो साभार: IMDb)
स्वदेस: सुपरस्टार शाहरुख खान ने इस फिल्म में मोहन भार्गव का किरदार निभाया था, जो नासा में काम करने वाला एक एनआरआई है और अपनी जड़ों से जुड़ने के बाद अपनी जिंदगी की प्राथमिकताओं पर नए सिरे से सवाल खड़े करता है. साल 2004 में आई आशुतोष गोवारिकर की यह मास्टरपीस कमर्शियली सफल नहीं रही. हालांकि, इसकी इमोशनल कहानी, शानदार संगीत और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गहरे मुद्दों ने इसे बाद में एक बेहद खास और समर्पित फैन बेस दिलाया. (फोटो साभार: IMDb)
तुम्बाड़: सोहम शाह की साल 2018 में रिलीज हुई यह एक ऐसी अनोखी कहानी है जो हॉरर जॉनर में इंसान के भीतर के लालच को बेहद खौफनाक तरीके से पर्दे पर उतारती है. राही अनिल बर्वे के निर्देशन में बनी इस फिल्म को शुरुआती रिलीज के वक्त सीमित दर्शक ही मिल पाए थे. हालांकि, इसका बेहतरीन विजुअल्स और लीक से हटकर की गई कहानी ने धीरे-धीरे इसे एक कल्ट हॉरर फिल्म बना दिया. आज यह हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित और डरावनी फिल्मों में गिनी जाती है. (फोटो साभार: IMDb)
