मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..सुरक्षा जाली नदारद, जर्जर खंभे से हादसे का खतरा; विभाग ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन

रॉबर्ट्सगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत गोरडीहा के महुआर गांव में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए खतरा बनी हुई है। महुआर चौराहे पर जमीन से महज एक मीटर की ऊंचाई पर लगा ट्रांसफार्मर बिना सुरक्षा जाली के खुले में है। वहीं, इससे करीब 30 मीटर दूर पैतराही मार्ग पर पिछले दो वर्षों से एक विद्युत खंभा झुका हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

महुआर चौराहे पर लगा ट्रांसफार्मर उरमौरा से बसौली, रघुनाथपुर होते हुए परासी जाने वाले मार्ग के किनारे स्थित है। इस मार्ग से रेणुकूट, चोपन, जिला मुख्यालय, शाहगंज और घोरावल की ओर जाने वाले छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। चौराहे पर दिन में लोगों की आवाजाही रहती है, जबकि शाम के बाद अंधेरा होने से खतरा बढ़ जाता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर के चारों तरफ सुरक्षा जाली नहीं है। आसपास बिजली के तार बिखरे और कटे हुए हैं। सप्लाई के लिए लगाए गए फ्यूज भी खुले में हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहन के अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकराने की आशंका बनी रहती है।

इसी ट्रांसफार्मर से पैतराही जाने वाले मार्ग पर करीब 40 मीटर दूर एक पुराना बिजली का खंभा नीचे से चटककर सड़क की तरफ झुक गया है। ग्रामीणों का कहना है कि छह-सात महीने पहले विभाग ने पुराने खंभे के बगल में नया खंभा लगवा दिया, लेकिन अब तक तारों को नए खंभे पर स्थानांतरित नहीं किया गया है। पुराना खंभा तारों के सहारे टिका हुआ है।

इस संबंध में क्षेत्र के अवर अभियंता अमितानन्द त्रिपाठी ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास बिखरे तारों को व्यवस्थित करा दिया गया है। सुरक्षा जाली लगवाने के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है और जल्द ही जाली लगवा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पुराने खंभे से तारों को नए खंभे पर स्थानांतरित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।

ग्रामीण नंदू, सीताराम, कल्लू, बद्री, बाबुंदर, जोखन, श्याम सुंदर और मालती सहित अन्य लोगों ने विभाग से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। जिससे संभावित हादसों की संभावना ना रहें।