मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

..सांसद छोटेलाल खरवार ने नवनिर्मित टीन शेड का किया लोकार्पण, प्रभु श्रीराम की आरती कर लिया आशीर्वाद

रॉबर्ट्सगंज नगर के रामलीला मैदान में गुरुवार की रात श्री रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में शूर्पणखा की नाक काटने की लीला का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों ने प्रभु श्रीराम, माता सीता और भ्राता लक्ष्मण के वनगमन से लेकर शूर्पणखा प्रसंग तक की लीला का भावपूर्ण मंचन कर दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से रूबरू कराया।

इस दौरान रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान सांसद छोटेलाल खरवार ने सांसद निधि से रामलीला मैदान में नवनिर्मित टीन शेड का लोकार्पण भी किया।

रात्रिकालीन लीला का शुभारंभ वनवास के दौरान प्रभु श्रीराम, माता सीता और भ्राता लक्ष्मण के वन में आगे बढ़ने के प्रसंगों से हुआ। गंगा पार करने के बाद तीनों माता सती अनुसुइया के आश्रम पहुंचते हैं। यहां माता अनुसुइया माता सीता को नारी धर्म, कर्तव्य और आदर्श जीवन से जुड़ी शिक्षाएं प्रदान करती हैं। इस प्रसंग के माध्यम से कलाकारों ने माता सीता के आदर्श चरित्र और माता अनुसुइया के ज्ञान को दर्शाया। इसके बाद प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण आश्रम से आगे वन की ओर प्रस्थान करते हैं।

वन में आगे बढ़ने के दौरान प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण का राक्षसों से सामना होता है। राक्षसों के वध के प्रसंगों के बाद रामलीला का मुख्य आकर्षण शूर्पणखा प्रसंग रहा। मंचन के अनुसार, शूर्पणखा प्रभु श्रीराम को देखकर उन पर मोहित हो जाती है और उनसे विवाह का प्रस्ताव रखती है।

प्रभु श्रीराम के समझाने पर वह लक्ष्मण के पास पहुंचती है। इसके बाद घटनाक्रम में शूर्पणखा के क्रोधित होने और सीता की ओर बढ़ने पर लक्ष्मण उसकी नाक काट देते हैं। इस प्रसंग का मंचन होते ही दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।

इससे पहले कार्यक्रम में सांसद छोटेलाल खरवार रामलीला मैदान पहुंचे और प्रभु श्रीराम, माता जानकी तथा भ्राता लक्ष्मण की सजीव झांकी के दर्शन कर आरती-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने सांसद निधि से निर्मित नए टीन शेड का लोकार्पण किया। टीन शेड बनने से रामलीला के आयोजन के दौरान कलाकारों और आयोजन समिति को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उधर, दिन में विवेकानंद प्रेक्षागृह के पास स्थित श्री रामसरोवर तालाब पर केवट मिलन और गंगा पार करने की लीला का मंचन किया गया। केवट ने प्रभु श्रीराम के चरण धोने के बाद उन्हें माता सीता और लक्ष्मण के साथ नाव से गंगा पार कराया। इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे ने प्रभु श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण की आरती उतारी। दिन में गंगा पार की लीला और रात में शूर्पणखा प्रसंग के मंचन ने रामलीला आयोजन को भक्तिमय बना दिया।

इस दौरान रामलीला समिति के अध्यक्ष पवन जैन, प्रमोद गुप्ता, राकेश गुप्ता, प्रशांत जैन, डॉ. धर्मवीर तिवारी, मुन्नू पांडेय, हिदायत खान, डॉ. केडी सिंह, सुमन केसरी, रविंद्र केसरी, कृष्ण मुरारी गुप्ता, आनंद मिश्रा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।