संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

एनटीपीसी सिंगरौली में 14 अक्टूबर को धम्म प्रकाश पर्व एवं डॉ. अंबेडकर विद्यालय का स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
पर्व के अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली परिसर में पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख ई. प्रभाकर राव तथा वनिता समाज की अध्यक्ष ई. निर्मला राव ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान एनटीपीसी के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सायंकाल अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कर्मचारी कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित समारोह का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। डॉ. अंबेडकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, समानता, मानवता और सामाजिक न्याय का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि ई. प्रभाकर राव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, ज्ञान और कर्मशीलता की प्रेरणा देता है। शिक्षा को सामाजिक प्रगति की कुंजी बताते हुए उन्होंने जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर भाईचारे एवं समानता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एनटीपीसी के अधिकारियों, विद्यालय के प्रधानाचार्य, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। संजीव कुमार कुररे ने बाबा साहब के विचार “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को आत्मसात करने का आह्वान किया। समारोह का समापन सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प के साथ हुआ।