मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..सदर विधायक भूपेश चौबे ने की प्रभु श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण की आरती, केवट मिलन की लीला देख भावविभोर हुए श्रद्धालु

नगर में श्री रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के तहत गुरुवार को विवेकानंद प्रेक्षागृह के पास स्थित श्री रामसरोवर तालाब पर केवट मिलन और गंगा पार करने की लीला का सजीव मंचन किया गया।

भगवान श्रीराम, माता जानकी और भ्राता लक्ष्मण के गंगा पार जाने के प्रसंग को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। प्रभु श्रीराम के नाव पर सवार होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

लीला के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के गंगा तट पर पहुंचने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। जब प्रभु श्रीराम ने केवट से गंगा पार कराने का आग्रह किया तो केवट ने उनसे कहा कि आपके चरणों की धूल मात्र से पत्थर नारी बन गई थी, ऐसे में मेरी लकड़ी की नाव का क्या होगा। इसलिए पहले मुझे आपके चरण धोने की अनुमति दीजिए। केवट की भक्ति और प्रभु के प्रति उसके समर्पण से जुड़ा यह संवाद दर्शकों को खूब भाया।

प्रभु श्रीराम की आज्ञा मिलने के बाद केवट ने उनके चरण धोए और फिर उन्हें नाव पर बैठाकर गंगा पार कराया। इस दौरान माता जानकी और लक्ष्मण भी उनके साथ रहे। प्रभु श्रीराम के वनगमन और अयोध्या से दूर जाने के प्रसंग को देखकर श्रद्धालुओं के चेहरों पर भावुकता नजर आई। वहीं, नाव पर प्रभु के सवार होते ही श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे ने प्रभु श्रीराम, माता जानकी और भ्राता लक्ष्मण की आरती उतारी। इसके बाद रामलीला समिति के पदाधिकारियों और उपस्थित भक्तों ने भी प्रभु श्रीराम की आरती कर आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम में प्रमोद गुप्ता, पवन जैन, आनंद मिश्रा, डॉ. धर्मवीर तिवारी, राकेश गुप्ता, सुशील पाठक, चंदू केजरीवाल और विनोद सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।