@जे0 के0……

Sonbhadra । जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लोढ़ी टोल प्लाजा के पास एक ट्रक से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की। शराब को लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों की आड़ में छिपाकर हरियाणा से झारखंड ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में हिमाचल प्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान ट्रक से रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन ब्रांड की कुल 625 पेटियां और 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और लाहौरी जीरा की 1,275 यूनिट की कीमत करीब 2.85 लाख रुपये आंकी गई है। अन्य सामान समेत कुल बरामदगी की कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस का शक उस समय गहराया, जब ट्रक में मौजूद माल के दस्तावेजों और उसमें सवार लोगों के बयानों में अंतर सामने आया। दस्तावेजों में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि आरोपियों ने शराब समेत माल हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादे जाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक की गहन तलाशी ली। लाहौरी जीरा की पेटियों के नीचे शराब की पेटियां छिपी मिलीं।
बरामद शराब की बोतलों पर ‘ओनली फॉर पंजाब सेल’ अंकित था। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीब चन्द राजपूत और कृष्णपाल राजपूत के रूप में हुई है।
पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत, वाहन स्वामी की भूमिका, दस्तावेज तैयार करने वाले लोगों और झारखंड में माल की डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई ऑपरेशन शुद्धि के तहत की गई।
दोनों आरोपी नसीब चंद राजपूत पुत्र रामदेव राजपूत निवासी ग्राम जामली थाना बिलासपुर जिला बिलासपुर हिमाचल प्रदेश दूसरा कृष्णपाल राजपूत पुत्र दिलाराम निवासी ग्राम एवं पोस्ट काथला थाना स्वारघाट जिला बिलासपुर हिमाचल प्रदेश को गिरफ्तार का न्यायालयीय प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।
