@जे0 के0……

Sonbhadra। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के परासी गांव के पास गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में घोरावल तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार मौर्य (55) की मौत हो गई। हादसे में उनके साढ़ू भाई राजेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक अनिल कुमार मौर्य अपने साढ़ू भाई के साथ कार से रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान परासी गांव के समीप सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार मौर्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके साढ़ू भाई राजेश की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि अनिल कुमार मौर्य के ससुर की तबीयत गंभीर थी। इसी सिलसिले में वह अपने साढ़ू भाई राजेश के साथ मिर्जापुर जिले के राजगढ़ गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।
राजस्व निरीक्षक की मौत की खबर से तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही एसडीएम विशाल कुमार, तहसीलदार प्रवीण कुमार सिंह, नायब तहसीलदार विदित तिवारी समेत राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत राजस्व निरीक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
