पंचायत रिपोर्टर@विष्णु कुशवाहा…
..शीतला मंदिर चौक पर टेलीफोन का खंभा गिरा, निष्प्रयोज्य पोल हटाने की मांग

रॉबर्ट्सगंज नगर के शीतला मंदिर चौक पर गुरुवार को जर्जर हालत में खड़ा टेलीफोन का पोल अचानक गिर गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि पोल की चपेट में कोई नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय निवासी दीपक केसरी ने बताया कि टेलीफोन का पोल काफी समय से जर्जर हालत में था। इसकी स्थिति ऐसी हो गई थी कि कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई थी। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से इसे हटाने या मरम्मत कराने की पहल नहीं की गई।

आखिरकार पोल अचानक गिर पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर के कई स्थानों पर पुराने और निष्प्रयोज्य टेलीफोन पोल अब भी खड़े हैं। इन पर वाई-फाई सहित अन्य तार लटके रहते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

लोगों ने मांग की कि जिन पोलों का अब कोई उपयोग नहीं है, उन्हें चिह्नित कर हटाया जाए तथा उपयोग में आ रहे जर्जर पोलों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।घटना को लेकर सचिन, दीपक, लक्ष्मण, रोहित, चंदन, आर्यन और बादल सहित अन्य स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से ऐसे पोलों की जांच कराने और सुरक्षा के जरूरी उपाय करने की मांग की।

लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी राहगीर या स्थानीय निवासी को नुकसान न उठाना पड़े।
