मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..15 अक्टूबर को ईको गार्डन में प्रदेशव्यापी धरना, मांगें पूरी नहीं होने पर सेवाएं स्थगित करने की चेतावनी

उत्तर प्रदेश एड्स नियंत्रण कर्मचारी संघ के आह्वान पर बुधवार को सोनभद्र में एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारियों ने सुबह दो घंटे कार्य बहिष्कार कर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध जताया। इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने पर कर्मचारी बुधवार देर शाम सोनभद्र रेलवे स्टेशन से लखनऊ के लिए रवाना हुए। वे 15 अक्टूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में आयोजित प्रदेशव्यापी धरने में शामिल होंगे।

कार्य बहिष्कार में आईसीटीसी सेंटर जिला अस्पताल, दुद्धी, चोपन और म्योरपुर के साथ जिला अस्पताल स्थित एआरटी एवं एसटीआई केंद्रों से जुड़े कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर नाराजगी जताते हुए काली पट्टी बांधकर भी विरोध दर्ज कराया।

संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के माध्यम से समाज और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को समर्पित किया है।

इसके बावजूद कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने संगठन के सदस्यों और पदाधिकारियों से एकजुट होकर लखनऊ के धरने में शामिल होने की अपील की।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, नियमितीकरण होने तक नौकरी की सुरक्षा और ऑटो रिन्यूअल, लंबित 20 प्रतिशत अतिरिक्त मासिक पारिश्रमिक का भुगतान, 30 लाख रुपये के ग्रुप टर्म इंश्योरेंस का लाभ, पूर्व में हटाए गए कर्मचारियों का पुनः समायोजन तथा नियमित भर्ती में अतिरिक्त अंक और आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट शामिल हैं। इसके अलावा पारस्परिक स्थानांतरण की सुविधा देने की भी मांग की गई है।

संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों का निस्तारण नहीं होने पर 15 अक्टूबर को धरने के बाद 16 अक्टूबर से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। साथ ही प्रदेश में एचआईवी/एड्स से संबंधित सेवाएं स्थगित करने की चेतावनी भी दी गई है।

लखनऊ रवाना होने वालों में सुनील कुमार श्रीवास्तव, अमित शुक्ला, अशोक कौशल, अभिजीत पांडेय, वाचस्पति मिश्रा, आशीष शुक्ला, लक्ष्मण सिंह, अंजनी सिंह, सूर्यकांत राव, अभिमन्यु और अवनीश सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।