मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..धनुष यज्ञ में दूर-दराज से आए राजाओं ने किया शक्ति प्रदर्शन, माता सीता ने प्रभु श्री राम को पहनाई वरमाला

रॉबर्ट्सगंज नगर में श्री रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में सोमवार की रात धनुष यज्ञ की लीला का सजीव मंचन किया गया।

आदर्श श्री रामलीला मंडल पिपलेश्वर धाम सिंगरौली के कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला मैदान में लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे।

मंचन के दौरान राजा जनक के दरबार का भव्य दृश्य प्रस्तुत किया गया। माता सीता के स्वयंवर में दूर-दराज से आए राजा और राजकुमारों ने हिस्सा लिया। सभी ने अपनी शक्ति और पराक्रम का बखान करते हुए भगवान शिव के विशाल धनुष को तोड़ने का दावा किया।

इसके बाद एक-एक कर राजाओं ने धनुष उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफल नहीं हो सका। राजाओं की असफलता से राजा जनक चिंतित हो गए। दरबार में छाई निराशा के बीच राजा जनक की व्याकुलता का कलाकारों ने जीवंत चित्रण किया।

इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम धनुष के पास पहुंचे। उन्होंने सहजता से शिव धनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाते समय धनुष भंग हो गया।

धनुष टूटते ही रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भगवान श्रीराम का जयघोष किया। कलाकारों के संवाद, अभिनय और मंच सज्जा ने प्रसंग को जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे,समिति के अध्यक्ष पवन कुमार जैन, उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, आनंद मिश्रा, हर्ष अग्रवाल, राम लखन सिंह, जितेंद्र सिंह, संगम गुप्ता, मनोज जालान, मनीष खंडेलवाल, प्रशांत जैन, चंद्र कुमार केजरीवाल और सुशील पाठक (लोढ़ी) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
