दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कहा है कि यह साल शायद उनके करियर का आखिरी साल होगा। अगला कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के पक्ष में वे नहीं है। फुटबॉल छोड़ने के बाद उनके पास करने के लिए बहुत से काम हैं।
दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कहा है कि सऊदी प्रो लीग का यह सत्र संभवतः उनके पेशेवर करियर का आखिरी सत्र होगा।
एक शानदार विरासत छोड़ना चाहते हैं रोनाल्डो
इस 41 वर्षीय खिलाड़ी का सऊदी अरब के क्लब अल नासर के साथ अनुबंध अगले साल जून में समाप्त हो रहा है और उन्होंने वोग पत्रिका को बताया है कि एक और अनुबंध की संभावना नहीं है।रोनाल्डो ने कहा, ”शायद यह फुटबॉल में मेरा आखिरी साल है। मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं।”
भविष्य की बना ली है पूरी योजना
अपने करियर में अब तक 976 गोल करने वाले रोनाल्डो ने इसी महीने की शुरुआत में अपनी लंबे समय की साथी जॉर्जीना रोड्रिगेज से शादी की। उन्होंने कहा, ”मैंने अपने भविष्य की पूरी योजना बना ली है। मेरे पास खुद को व्यस्त रखने के लिए इतनी सारी चीजें हैं कि सिर्फ एक चीज बताना मुश्किल है। फुटबॉल छोड़ने से बड़ा खालीपन आ सकता है, इसलिए आपको उसकी भरपाई एक तरीके से नहीं बल्कि कई तरीकों से करनी होगी।”
फीफा विश्व कप नहीं जीत सकी पुर्तगाल
बता दें कि फीफा विश्व कप 2026 में रोनाल्डो की राष्ट्रीय टीम पुर्तगाल ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और वे एक बार फिर विश्व कप नहीं जीत सके। रोनाल्डो विश्व कप के दौरान जब उनकी टीम बाहर हुई थी तब काफी इमोशनल नजर आए थे। 41 वर्ष के हो चुके रोनाल्डो की पूरी दुनिया में तगड़ी फैन-फॉलोइंग है और दुनिया के अधिकांश लोग चाहते थे कि विश्व का यह महान फुटबॉलर अपने करियर में एक बार फीफा विश्व कप का खिताब जीते। हालांकि, किस्मत ने साथ नहीं दिया, टीम उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी और पुर्तगाल को एक बार फिर फीफा विश्व कप में निराशा हाथ लगी। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले से ही रोनाल्डो के फैंस के मन में काफी उत्साह था कि आखिरकार हमारा फेवरेट प्लेयर ट्रॉफी जीत लेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
फीफा विश्व कप 2026 में पुर्तगाल की टीम 6 जुलाई 2026 को राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में स्पेन से 1-0 से हारकर बाहर हुई। स्पेन की टीम ने ही फीफा विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को हराकर किया। इस विश्व कप के दौरान क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेस्सी पर सुरक्षा खतरा भी था। एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें कहा गया कि मेस्सी को बम से उड़ाने की धमकी और रोनाल्डो पर भी हमला करने की प्लानिंग आतंकियों ने बनाई थी। हालांकि, सुरक्षा एजसियों ने इसे अच्छे से हैंडल किया और दोनों खिलाड़ी कुशल हैं।


