@जे0 के0……

SONBHADRA । रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने से करीब 700 मीटर दूर बरकोनिया के कुंडी नाला में एक अज्ञात युवक का शव पानी में पड़ा मिला। युवक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर नाले के पानी में पड़े युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव मिलने की परिस्थितियों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव नाले में फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल युवक की पहचान और मौत के कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है।
