संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को म्योरपुर ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन किया गया। रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम संबोधित पत्रक खंड विकास अधिकारी म्योरपुर को सौंपा गया।
प्रदर्शनकारियों ने नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 में किए गए संशोधन को लेकर आपत्ति जताई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कुछ कार्रवाइयां संविधान की भावना के विपरीत हैं और इससे संवैधानिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, एसआईआर को निरस्त करने और वर्ष 2023 में चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित कानून को रद्द करने की मांग उठाई। राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए पत्रक में चुनाव आयोग की कार्रवाई के विरोध में चल रहे आंदोलनों के दौरान कथित दमन पर भी चिंता जताई गई। साथ ही लोकतांत्रिक अधिकारों को सुनिश्चित करने की मांग की गई।
मजदूरी और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने जी-राम-जी योजना में बकाया मजदूरी का भुगतान, शुद्ध पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर बीडीओ को अलग से मांग पत्र सौंपा।

ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के जिला संयोजक कृपाशंकर पनिका, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शारद प्रसाद पनिका, रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान की पूर्वांचल सहसंयोजक रूबी सिंह गोंड, रोजगार अधिकार अभियान की जिला संयोजक सविता गोंड, राजेंद्र प्रसाद गोंड, कांग्रेस महासचिव जीत कुमार मौर्य, सचिव अरुण कुमार चौबे, चंद्रदेव गोंड, ऋषि राज प्रसाद, महेश गुप्ता, इंद्रदेव खरवार, तुलसीराम पनिका, मनोहर गोंड और मंगरू प्रसाद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
