मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जिले के एनएचएम संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों की ओर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया।

कर्मचारियों ने संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के एनएचएम में समायोजन और स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने की मांग उठाई। इसके अलावा ईपीएफ समेत सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने तथा स्थायी भर्तियों में संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को उचित छूट और प्राथमिकता देने की मांग भी की गई।

जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने कहा कि संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा-सुरक्षा, वेतन और भविष्य से जुड़ी समस्याओं पर शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को चरणबद्ध और शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। कर्मचारियों ने शासन से मांगों पर शीघ्र विचार कर समाधान किए जाने की अपेक्षा जताई।
