मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…..

स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओबरा में नमामि भारतम् अभियान के अंतर्गत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के सुअवसर पर सामूहिक वंदे मातरम गायन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों,छात्र-छात्राओं, अध्यापकों एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने एक साथ पूरी निष्ठा और सावधान मुद्रा में राष्ट्रगीत का गायन किया।

विद्यालय प्रबंधक विमल सिंह के अनुसार इस गरिमामयी कार्यक्रम की साक्षी के रूप में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अलका वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक विमल सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में आए हुए सभी सम्मानित अतिथियों का आभार प्रदर्शन विद्यालय के कोषाध्यक्ष बी.डी. विश्वकर्मा द्वारा व्यक्त किया गया।

मौके पर प्रधानाचार्य वंश धारी जी ने कार्यक्रम के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूरे देश में जन- जागरण और राष्ट्रभक्ति का भाव पैदा करना है। उन्होंने बताया कि विद्या भारती के बैनर तले पूरे देश के संबद्ध विद्यालयों में एक ही समय पर यह सामूहिक गायन आयोजित किया गया है, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग मातृभूमि के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर सके। यह कार्यक्रम प्रधानाचार्य के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
राष्ट्रीय महत्व है कि अमर रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा 7 नवंबर 1875 को रचित वंदे मातरम अपनी रचना के 150वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। 1882 में उनके प्रसिद्ध उपन्यास आनंदमठ में शामिल यह गीत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का सबसे बड़ा महामंत्र बना।

रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा 1896 के कांग्रेस अधिवेशन में पहली बार सामूहिक रूप से गाए जाने के बाद से इसने देशवासियों में स्वाधीनता की अलख जगाई। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा संसद के पटल से पारित व्यवस्था के तहत राष्ट्रगीत को राष्ट्रगान के समतुल्य गरिमा और सम्मान देने के क्रम में देशभर में सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर धुरंधर शर्मा, बृजेश पांडे, नीरज भाटिया, विशाल गुप्ता, राज कुमार संघर्षी, ओम नारायण चौरसिया, गीतांजलि चौबे, अलका, उषा, रिंकी, मीना एवं ममता सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
