संवाददाता@विजय अग्रहरी…

स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कोहरथा मोड़ के पास सोमवार को गुजरात पुलिस ने घोरावल पुलिस के सहयोग से अवैध खनन के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद गुजरात पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार पुत्र रविंद्र सिंह निवासी सपही, थाना घोरावल, गुजरात के छोटा उदयपुर जिले में पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था। वहां के सनखेड़ा थाने में पोकलेन मशीन के मालिक और चालक के खिलाफ अवैध खनन का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान आशीष की संलिप्तता सामने आई थी।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बाद आशीष वहां से फरार हो गया था। इसके बाद गुजरात पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी के सोनभद्र में होने की जानकारी मिलने पर गुजरात पुलिस घोरावल पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए कोहरथा मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद गुजरात पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
