संवाददाता@विशाल टंडन/@संजय सिंह…
..बालक वर्ग में मुकेश, बालिका वर्ग में सुमन पटेल रहीं अव्वल, विजेताओं को नकद पुरस्कार से किया गया सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में जन कल्याण सेवा समिति की ओर से आयोजित नमो मैराथन में सोनभद्र के युवाओं ने उत्साह और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में 418 और बालिका वर्ग में 215 प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। दोनों वर्गों की प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री एवं सोनभद्र प्रभारी हंसराज विश्वकर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता और भाजपा सोनभद्र प्रभारी अनिल सिंह मौजूद रहे। बालक वर्ग में मुकेश ने प्रथम, विनोद चौहान ने द्वितीय और विक्रम सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में सुमन पटेल प्रथम, खुशबू पाल द्वितीय और आकांक्षा यादव तृतीय रहीं।
विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार, द्वितीय को 11 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5100 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। दोनों वर्गों के 21 अन्य प्रतिभागियों को 1100 रुपये व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वाले प्रतिभागियों को पानी की बोतल भी दी गई, जबकि मैराथन में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि नमो मैराथन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया के विचार पर आधारित है। इसका उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ और फिट रखते हुए उन्हें देश के विकास में सहभागी बनाना है। उन्होंने जन कल्याण सेवा समिति के प्रयास की सराहना की।

राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि लगातार दूसरे वर्ष आयोजित नमो मैराथन से युवाओं में दौड़ और खेल के प्रति जागरूकता बढ़ी है। भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता और प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करने के साथ खेल के प्रति आकर्षण बढ़ाएंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के सचिव धर्मवीर तिवारी ने की, जबकि संचालन भाजपा चुर्क मंडल अध्यक्ष दिलीप चौबे ने किया। इस दौरान समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
