संवाददाता@रामकेश यादव….

विकास खंड करमा के ककराही गांव में तीज पर्व के शुभ अवसर पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी एक दिवसीय विशाल कुश्ती दंगल का सफल आयोजन किया गया। इस दंगल में महिला एवं पुरुष पहलवानों ने अपने अदम्य साहस और कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री व जे.एस.पी. महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रसन्न पटेल तथा मिर्जापुर-सोनभद्र के डायरेक्टर बलदेव सिंह रहे। अतिथियों का स्वागत ग्राम प्रधान रामचंद्र प्रजापति ने किया। दंगल का सफल संचालन फरेंद्र नाथ श्रीवास्तव और कैप्टन लाल चंद्र वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

दंगल में कुल 25 जोड़ी कुश्ती का आयोजन हुआ:
महिला वर्ग: प्रीतम (नौगढ़) और वंदना (मधुपुर, प्रेम पहलवान अखाड़ा) के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें वंदना ने अपने बेहतरीन दांव-पेच से विजय हासिल की। पुरुष वर्ग: बलवंत (मधुपुर) और रामबली (सेमरी) के बीच मुख्य मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जो अंत में बराबरी पर समाप्त हुआ।

मुख्य अतिथियों ने विजेता व प्रतिभागी पहलवानों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि ऐसे पारंपरिक खेल युवाओं में अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। दंगल को देखने के लिए स्थानीय एवं दूर-दराज़ के क्षेत्रों से भारी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।