संवाददाता@वीरेंद्र यादव….

एनटीपीसी सिंगरौली में श्री श्री गणेश पूजा समिति के तत्वावधान में सोमवार को गणेश चतुर्थी समारोह का विधिवत शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम में परियोजना एवं प्रमुख कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव एवं वनिता समाज की अध्यक्षा ई. निर्मला राव ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की।
इस दौरान विधि-विधान से गणेश पूजन, हवन एवं प्रसाद वितरण किया गया। धार्मिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश से सुख, समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों, वनिता समाज की सदस्याओं, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के साथ यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

गणेशोत्सव को लेकर एनटीपीसी परिवार में खासा उत्साह नजर आया। पूजा समिति की ओर से आगामी दिनों में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें समूह नृत्य, भजन संध्या, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता, पुष्पमाला निर्माण, वेशभूषा प्रदर्शन और श्लोक वाचन जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

आयोजकों ने बताया कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों को एकजुट करने तथा आपसी स्नेह, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अवसर भी है। पूजा समिति ने सभी कर्मचारियों एवं परिवारजनों से आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और गणेशोत्सव को उत्साह एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।