मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
…आयुर्वेदिक, यूनानी व होम्योपैथिक चिकित्सकों ने की जांच, मरीजों को वितरित की गईं दवाएं

रॉबर्ट्सगंज के छपका स्थित वृद्धाश्रम के पास मंगलवार को 50 शैय्या आयुष चिकित्सालय की ओर से ‘आयुष आपके द्वार’ अभियान के तहत आयुष चिकित्सालय के वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ . शिव प्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन मे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में आयुर्वेदिक, यूनानी एवं होम्योपैथिक चिकित्सकों ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं वितरित कीं।

मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण शिविर में सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। इसके अलावा जोड़ों के दर्द, नसों की समस्या, पेट संबंधी परेशानी सहित अन्य समस्याओं से जूझ रहे मरीज भी जांच कराने पहुंचे।

चिकित्सकों ने गंभीर एवं पुरानी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को लोढ़ी स्थित 50 शैय्या आयुष चिकित्सालय में फिजियोथैरेपी एवं पंचकर्म की सुविधा लेने की सलाह दी।

शिविर के दौरान लोगों को आयुर्वेदिक, यूनानी एवं होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धतियों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। शिविर मे कुल लगभग 60 मरीजों का स्वास्थ जांच कर उचित परामर्श एवं दवा दी गईं।

होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने होम्योपैथिक चिकित्सा और मीठी गोलियों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार होम्योपैथिक पद्धति से विभिन्न रोगों का उपचार किया जाता है।

यूनानी चिकित्सक डॉ.अकरम ने बताया कि लोढ़ी स्थित 50 शैय्या आयुष चिकित्सालय में होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक और यूनानी चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की निःशुल्क जांच एवं उपचार किया जाता है। अस्पताल में फिजियोथैरेपी और पंचकर्म की सुविधा भी उपलब्ध है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के भर्ती होने की सुविधा भी मिलती है।

इस अवसर पर डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, डॉ. अकरम, स्टाफ नर्स अमित कुमार यादव, ड्रेसर संजीव यादव सहित चिकित्सालय के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

