मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..माकपा ने जिलाधिकारी को सौंपा पत्रक, चौराहे का नाम डॉ. आंबेडकर चौक करने की भी मांग

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) माकपा की जिला कमेटी ने रॉबर्ट्सगंज नगर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कराने की मांग उठाई है। जिला मंत्री नंदलाल आर्य ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर स्वर्ण जयंती चौक (बड़ौली चौराहा) पर संविधान शिल्पी बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की। साथ ही चौक का नाम बदलकर डॉ. आंबेडकर चौक किए जाने का अनुरोध किया गया है।

नंदलाल आर्य ने बताया कि इस संबंध में 29 अगस्त को जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया था। सोमवार को पुनः पत्राचार के माध्यम से मांग से अवगत कराया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भी जिलाधिकारी के माध्यम से पत्र प्रेषित किया गया है।

पत्र में कहा गया कि सोनभद्र अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आदिवासी एवं वनवासी बहुल जनपद है। डॉ. आंबेडकर ने वंचित, दलित, आदिवासी, गरीब और मजदूर वर्ग के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऐसे में नगर के प्रमुख चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित किया जाना उचित होगा।

माकपा ने स्वर्ण जयंती चौक को जनपद का ऐतिहासिक चौराहा बताते हुए कहा कि यहां विभिन्न राजनीतिक दल समय-समय पर जनसमस्याओं को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। प्रतिमा स्थापित होने से जिले में सकारात्मक संदेश जाएगा।

वहीं माकपा ने स्वतंत्रता संग्राम के राष्ट्रनायक शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा रॉबर्ट्सगंज कचहरी के पास स्थित छोटे चौराहे पर स्थापित कराने की भी मांग की। पार्टी ने दोनों प्रतिमाओं की स्थापना के लिए शासन स्तर से अनुमति दिलाकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आग्रह जिलाधिकारी से किया है।

