Last Updated:
बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ की तूफानी कमाई जारी है. फर्स्ट मंडे को भी पंकज त्रिपाठी और अली फजल स्टारर फिल्म की कमाई की रफ्तार कम नहीं हुई है. कमाल की बात है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने चौथे दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. बिना किसी बड़े ए-लिस्ट सुपरस्टार के फिल्म ने नया रिकॉर्ड कायम किया है. दूसरी ओर, नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी थिएटर्स में मजबूती से टिकी हुई है. पांचवें हफ्ते में भी यह कम बजट की फिल्म दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है और दनादन नोट छाप रही है.
नई दिल्ली. साल 2026 की मच अवेटेड फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर कब्जा कर लिया है. धुआंधार ओपनिंग के बाद फिल्म की कमाई में वीकेंड पर भी जबरदस्त उछाल आया था. अब इस मूवी ने भारत में 100 करोड़ क्लब में एंट्री मार दी है. दूसरी तरफ, नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की रिलीज को 1 महीने से ज्यादा वक्त हो चुका है, फिर भी कमाई के मामले में इसका जलवा बरकरार है.
पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु स्टारर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. यह मूवी हर दिन डबल डिजिट में बिजनेस कर रही है. कमाल की बात है कि फर्स्ट मंडे टेस्ट में ‘मिर्जापुर द मूवी’ अच्छे नंबरों से पास हो गई है. इस बीच फिल्म के चौथे दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं.
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने चौथे दिन 15.50 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया है. पिछले दिन यानी रविवार को 36 करोड़ का कलेक्शन हुआ था, जिससे साफ है कि चौथे दिन के बिजनेस में 56.9 फीसदी की गिरावट आई है. मेकर्स के लिए अच्छी बात ये है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने 100 करोड़ क्लब में एंट्री मारते हुए इतिहास रच दिया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
भारत में टोटल कमाई की बात करें तो ‘मिर्जापुर द मूवी’ अब तक 109.25 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है. वहीं. इसका टोटल ग्रोस कलेक्शन 130.97 करोड़ तक पहुंच गया है. इस फिल्म ने शुक्रवार को 25 करोड़ की बंपर ओपनिंग ली थी. इसके बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में 25 फीसदी का बड़ा उछाल आया और इसने 32 करोड़ का बिजनेस किया. तीसरे दिन यानी रविवार को 36 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है.
‘मिर्जापुर द मूवी’ को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट मिलकर पेश कर रहे हैं. इस फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के बैनर तले हुआ है. फिल्म का डायरेक्शन गुरमीत सिंह ने किया है और इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. इसमें रवि किशन, जितेंद्र कुमार, सोनल चौहान जैसे सितारे भी अहम किरदारों में नजर आते हैं.
दिलचस्प बात है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ की रिलीज का असर फिल्म ‘हनुमान अंश’ पर बिल्कुल भी नहीं पड़ा है. नीम करोली बाबा पर बनी यह मूवी धीमी शुरुआत के बाद अब हर तरफ से तारीफें बटोर रही है. फिलहाल फिल्म अपने पांचवें हफ्ते में भी डंके की चोट पर थिएटर्स में टिकी हुई है.
शोभिनव सत्य की एक्टिंग से सजी इस फिल्म की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर बेहद सुस्त रही थी. फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में महज 1.08 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 40 लाख की कमाई की थी. हालांकि, तीसरे हफ्ते से फिल्म ने अपनी असली रफ्तार पकड़ी. अब इसके 32वें दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं.
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 5वें सोमवार को 9.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है. वैसे यह 31वें दिन की कमाई 22.75 के मुकाबले 58 फीसदी कम है. इस तरह फिल्म ने भारत में अब तक 131.63 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर लिया है, जबकि ग्रोस कलेक्शन 155.65 करोड़ रुपये हो चुका है. इस फिल्म का डायरेक्शन विशाल चतुर्वेदी ने किया है.
