@जे0 के0….
— महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में कराया गया भर्ती

Sonbhadra । थाना पन्नूगंज क्षेत्र में हत्या के एक मामले को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक महिला पर घर में घुसकर फावड़े, फरसे और डंडे से हमला करने का आरोप लगा है। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के भाई के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, अर्चना गुप्ता पत्नी राजू गुप्ता के घर में कुछ लोगों के घुसने और मारपीट करने का आरोप है। महिला के भाई कमलेश गुप्ता का आरोप है कि हमलावरों ने उसकी बहन पर फावड़े से हमला किया, जिससे उसके नाक, सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पर उसके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई।

कमलेश गुप्ता ने बताया कि करीब छह माह पूर्व उनके भांजे आर्यन गुप्ता की हत्या हुई थी। उनका आरोप है कि इस मामले में रामगढ़ निवासी दिवाकर गुप्ता आरोपी है। कमलेश के अनुसार, इसी मामले को लेकर दिवाकर के भाई संजय गुप्ता, रवि गुप्ता, पिता गुलाब गुप्ता और मां कलावती देवी समेत अन्य लोग उनकी बहन के घर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान अर्चना पर फावड़े से हमला किया गया।
कमलेश का कहना है कि घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी गई थी। उनके अनुसार पुलिस मौके पर पहुंची और लिखापढ़ी कर चली गई। उनका आरोप है कि पुलिस ने चोटों को मामूली बताते हुए इलाज कराने की बात कही, जबकि उस समय अर्चना के नाक और सिर से खून निकल रहा था।

घायल महिला के ससुर शिवमूरत गुप्ता ने भी आरोप लगाया कि उनके नाती आर्यन की हत्या के मामले में आरोपी दिवाकर के भाई संजय और रवि, पिता गुलाब गुप्ता तथा मां कलावती देवी समेत अन्य लोगों ने घर में घुसकर उनकी बहू को घेर लिया और मारपीट करते हुए फावड़े से हमला किया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आर्यन हत्याकांड के बाद से ही पुलिस प्रशासन को कई बार शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का कहना है कि इसी कारण आरोपियों के हौसले बढ़े और दोबारा हमला करने की घटना सामने आई।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही आरोपियों की संपत्ति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
