मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

रॉबर्ट्सगंज नगर के पन्नूगंज रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास बाल संघ की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर बच्चों ने नाटक, नृत्य और नाटिका प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधिका का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

बाल संघ के चंदन सोनी ने बताया कि जन्मोत्सव के बाद शनिवार और रविवार को प्रतिदिन सुबह आरती एवं भोग तथा देर शाम भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। रविवार को हवन-पूजन के बाद देर शाम दही हांडी कार्यक्रम हुआ।

दही हांडी के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। डीजे पर भक्ति गीत ‘गोविंदा आला रे, मटकी संभाल बृजबाला रे’ की धुन गूंजते ही युवा झूम उठे।

पानी की फुहारों के बीच युवाओं की टोली ने एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर मानव पिरामिड बनाया और काफी मशक्कत के बाद दही हांडी फोड़ी। हांडी टूटते ही मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और माहौल कृष्णमय हो गया। इसके बाद सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।

चंदन सोनी ने बताया कि सोमवार शाम भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली जाएगी।

आयोजन में चंदन सोनी, शौर्य सोनी, संजीव सोनी,अंकुर सिंह, अभय कश्यप, मनोज चौरसिया, प्रियांशु सोनी, माखन चौरसिया, वीरेंद्र कुमार और सत्यम सोनी सहित बाल संघ के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

