@जे0 के0….

Sonbhadra। दुद्धी वार्ड नंबर-6 के किसान परिसर भवन में संचालित मां भारती जन सेवा ट्रस्ट के कार्यालय पर रविवार, 6 सितंबर को निशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन हेतु कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का आयोजन ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी अनिल हलवाई के नेतृत्व में सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, जानकीकुंड चित्रकूट की चिकित्सकीय टीम द्वारा किया गया।
कैंप में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से नेत्र संबंधी समस्या से पीड़ित लोग पहुंचे। चिकित्सकीय टीम ने कुल 50 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया। जांच के बाद 12 मरीजों को आंखों के ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें संस्थान की सुविधा के अनुसार ऑपरेशन हेतु चित्रकूट भेजा गया। वहीं अन्य मरीजों को चिकित्सकों द्वारा आवश्यक दवाएं एवं उपचार की सलाह दी गई।

ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी अनिल हलवाई ने बताया कि हर महीने की 6 तारीख को मां भारती जन सेवा ट्रस्ट कार्यालय पर निशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार कैंप आयोजित किया जाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि नेत्र संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रत्येक माह की 6 तारीख को कैंप में पहुंचकर निशुल्क जांच एवं उपचार का लाभ उठाएं।