@जे0 के0…

Sonbhadra। शिक्षक दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं द्वारा ‘शिक्षक अभिनंदन समारोह’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षकों को पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय संयोजक अनमोल सोनी ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक दिवस हमें अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव शिक्षा, विद्यार्थी और शिक्षक हित के विषयों को प्रमुखता से उठाती रही है। विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों के मार्गदर्शन का विशेष महत्व है और उनके सम्मान की परंपरा को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है।

इस अवसर पर जिला संयोजक राहुल जलन, सोनभद्र नगर मंत्री रमेश पांडेय, नगर सह मंत्री सक्षम, नगर SFD संयोजक हर्ष चौबे आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन में शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।