संवाददाता@विजय अग्रहरी….

गिरिवासी बनवासी सेवा प्रकल्प, एकलव्य नगर घोरावल में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छात्रावासी बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विहिप के स्थापना दिवस को प्रमुखता देते हुए संगठन के उद्देश्यों, सेवा कार्यों और सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

छात्रावास अधीक्षक विजय पाठक ने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना एवं उसके उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि समाज में सेवा, संस्कार और समरसता की भावना को मजबूत करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने छात्रावास के बच्चों को सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और भारतीय संस्कारों के प्रति जागरूक किया।
विहिप स्थापना दिवस के साथ ही छात्रावास में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव भी विधि-विधान से मनाया गया। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के उपरांत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षिका सीमा पाठक, छात्रावास के बालक-बालिकाएं तथा गिरिवासी बनवासी सेवा प्रकल्प की प्रबंध समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।