रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा……

स्थानीय भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय पर गुरुवार को बीमा कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल की। ऑल इंडिया इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले वाराणसी डिविजन के बीमा कर्मियों ने पूरी तरह से कामकाज बंद कर तालाबंदी कर दी। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।
वाराणसी डिविजन इंश्योरेंस एम्पलाई एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय शाखा अध्यक्ष विकास पटेल, उपाध्यक्ष उत्कर्ष श्रीवास्तव और इकाई मंत्री गुड्डी भारती ने किया। शाखा अध्यक्ष विकास पटेल ने कहा कि वर्ष 2019 के बाद से निगम में क्लास-3 और क्लास-4 पदों पर भर्ती नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों की भारी कमी हो गई है और कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफडीआई लाने का निर्णय कर्मचारियों और सार्वजनिक क्षेत्र के लिए नुकसानदायक साबित होगा।
इकाई मंत्री गुड्डी भारती ने कहा कि बीमा कर्मियों को वर्ष 1995 की पेंशन योजना में शामिल किया जाना चाहिए, जिससे कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित हो सके। इसके अलावा कर्मचारियों ने अन्य कई लंबित मांगों को भी जल्द पूरा करने की मांग की।
हड़ताल के दौरान अक्षय सिंह, अभिषेक जायसवाल, विवेक चौधरी, तरुण सिंह, किशोर महली, योगेंद्र पटेल, संदीप, अनामिका चौरसिया, विजय गौतम, अमर बहादुर, राजेंद्र सहित बड़ी संख्या में बीमा कर्मी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।