अनपरा/सोनभद्र. @उमेश सिंह…..
— जान से खिलवाड़, सिस्टम लाचार, जिम्मेदार पैर पसार फरमा रहे आराम

रीवा–रांची राज्य मार्ग के मिर्चाधुरी रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री सड़क पर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।यहां टैम्पो चालक निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक सवारियों को ठूंस-ठूंसकर ढो रहे हैं।जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।टैम्पू में बिना नंबर प्लेट के धड़ल्ले से चौराहे पर फ़र्राटे भरते नजर आ रहे हैं
स्थानीय लोगों का कहना है कि टैम्पो में न तो बैठने की पर्याप्त जगह होती है और न ही यात्रियों की सुरक्षा का कोई इंतजाम। इसके बावजूद संबंधित विभाग और यातायात पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के कारण टैम्पो असंतुलित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व भाठ क्षेत्र के रणहोर से अनपरा आ रही सवारियों से भरी एक कमांडर जीप कुबरी पहाड़ी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इस हादसे में जीप में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे।इसके बावजूद यातायात विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमों की अनदेखी कर यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।इस संबंध में यातायात अनपरा उपनिरीक्षक संजय सिंह से सेलफोन के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।