@जे0 के0/सोनभद्र……

Sonbhadra । आयकर विभाग के विंध्याचल मंडल ने जिले की दो प्रमुख ठेकेदार फर्मों के खिलाफ टैक्स चोरी के संदेह में जांच शुरू कर दी है। जिला पंचायत और पीडब्ल्यूडी खंड-2 में कार्यरत इन कंपनियों के सभी आवश्यक दस्तावेज तलब कर विभाग ने जांच की गति बढ़ा दी है।
पहला मामला जिला पंचायत में हैंडपंप स्थापना का काम करने वाली रुक्मणि बोरवेल से जुड़ा है। फर्म पर वित्तीय वर्ष 2020-21 में टैक्स चोरी के आरोप लगे हैं। विभाग द्वारा जमा किए गए बिल, भुगतान विवरण और अनुबंध दस्तावेजों की गहन छानबीन की जा रही है।
दूसरा मामला पीडब्ल्यूडी खंड-2 के अंतर्गत कार्य करने वाली राकेश पांडेय की फर्म से संबंधित है। इस फर्म पर वित्तीय वर्ष 2023-24 में टैक्स चोरी का संदेह जताया गया है।
आयकर विभाग ने अनुबंध, भुगतान रिकॉर्ड और टैक्स रिटर्न से जुड़े सभी कागजात मांगे हैं और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभागीय निरीक्षक सतीश, सब-इंस्पेक्टर, विंध्याचल मंडल ने बताया कि दोनों विभागों से रिकॉर्ड प्राप्त होने के बाद अब प्रोजेक्ट भुगतान, अनुबंध और टैक्स फाइलिंग के बीच तालमेल की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने संकेत दिया कि कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण खुलासे सामने आने की संभावना है।