रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..

पिपरी सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने शनिवार की शाम रेणुकूट मुख्य चौराहे पर विशेष अभियान चलाकर बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसरों पर कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान मुख्य चौराहे से गुजरने वाले कई बुलेट चालकों को रोककर उनके वाहनों की जांच की गई और जिन बाइकों में अवैध या मॉडिफाइड साइलेंसर लगे मिले, उन्हें मौके पर ही निकलवाया गया। पूरी कार्रवाई सीओ अमित कुमार की निगरानी में कराई गई।
सीओ अमित कुमार ने बुलेट चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ शब्दों में कहा कि भविष्य में दोबारा मॉडिफाइड साइलेंसर लगाते पाए गए तो उनके खिलाफ चालान के साथ-साथ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बुलेट के तेज और कर्कश साइलेंसरों की वजह से स्थानीय लोगों, खासकर बच्चों, बुज़ुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी होती है। स्कूलों, अस्पतालों और आवासीय इलाकों में ध्वनि प्रदूषण बढ़ जाता है और बेवजह रेसिंग तथा स्टंट के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।

अमित कुमार ने बताया कि यातायात माह के तहत प्रतिदिन इस प्रकार के विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों, ट्रिपल सवारी करने वालों, बिना नंबर प्लेट या धुंधली नंबर प्लेट वाले वाहनों और ओवरलोडिंग तथा तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान सीओ अमित कुमार ने मौके पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया।
उन्होंने समझाया कि हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और सही लेन में चलने जैसे नियम व्यक्ति की अपनी सुरक्षा के लिए हैं। इन नियमों की अनदेखी केवल चालान का कारण नहीं बनती, बल्कि कई बार जानलेवा साबित हो जाती है।यातायात माह के मौके पर उन्होंने विशेष रूप से युवा वर्ग से अपील की कि शौक जरूर पूरा करें लेकिन कानून और समाज की शांति को ध्यान में रखते हुए। तेज आवाज़ वाले साइलेंसर, स्टंट और खतरनाक ड्राइविंग से खुद की जान के साथ दूसरों की जान भी खतरे में पड़ती है।
अभियान के दौरान 7 बुलेट चालकों ने मौके पर ही अपने मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाए और आगे से ऐसी गलती न दोहराने का लिखित व मौखिक आश्वासन दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी रेणुकूट, पिपरी और आसपास के क्षेत्रों में इस तरह की चेकिंग लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।