रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..

आगामी 15 नवंबर को जनपद में आयोजित होने जा रहे जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान दुद्धी को जिला बनाए जाने की मांग की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए “दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा” के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल कुशवाहा ने बताया कि वह कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर दुद्धी की लंबे समय से लंबित जिला बनाए जाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की मांग कई वर्षों से की जा रही है। इस दौरान कई बार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा भी दुद्धी को जिला बनाए जाने की बात कही गई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अनिल कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार को आठ वर्ष पूरे हो चुके हैं, इसके बावजूद दुद्धी को जिला घोषित नहीं किया गया है, जबकि दुद्धी जिला बनने के सभी भौगोलिक, प्रशासनिक व जनसंख्या संबंधी मानकों को पूरा करता है। संघर्ष मोर्चा के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष उदय लाल मौर्य ने भी कहा कि दुद्धी को जिला बनाए जाने से न केवल क्षेत्र का संतुलित विकास संभव होगा, बल्कि आदिवासी बाहुल्य इस इलाके में सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन भी बेहतर ढंग से हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर स्थानीय जनता में भी निराशा है इसलिए मुख्यमंत्री से मिलकर इसके निदान का प्रयास किया जाएगा।