Sonbhadra News – ओबरा नगर पंचायत ने स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अधिशासी अधिकारी मधुसुधन जायसवाल को लखनऊ में सम्मानित किया गया। यह सफलता ओबरा की…
ओबरा, हिन्दुस्तान संवाद। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत वर्ष 2024 में आयोजित स्वच्छता ही सेवा में ओबरा नगर पंचायत ने पूरे प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मधुसुधन जायसवाल को लखनऊ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रदेश के नगर विकास राज्य मंत्री की मौजूदगी में ओबरा नगर पंचायत की कार्यप्रणाली, नियमित निगरानी और टीम भावना को सराहा गया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि यह सम्मान ओबरा की पूरी टीम और नागरिकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। स्वच्छता प्रहरी हर दिन जो समर्पण से कार्य करते हैं, उन्हीं की वजह से यह उपलब्धि हासिल हुआ हैं। अध्यक्ष चांदनी ने कहा कि ओबरा नगर पंचायत की यह उपलब्धि पूरे नगर की जनता एवं कर्मठ कर्मचारियों और हमारी समर्पित टीम के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। हमने जब कार्यभार संभाला था तब यह ठाना था कि ओबरा को स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलानी है। इसी सोच के साथ पूरा नगर पंचायत परिवार ने मिलकर काम किया। ओबरा नगर पंचायत की यह सफलता केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि एक सोच, एक प्रतिबद्धता और एक सकारात्मक बदलाव का परिणाम है। अब प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए ओबरा एक मिसाल बन चुका है।