संवाददाता@बद्री प्रसाद……
— विद्युत पोल के सहारे नहर पार करते समय बिगड़ा संतुलन, हादसे से परिवार में मचा कोहराम

चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पटवध के नारायणडीह गांव में सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में राशन लेने जा रही महिला की नहर में गिरने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायणडीह निवासिनी चंदा देवी (45 वर्ष) पत्नी दीप नारायण चेरों, सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन लेने के लिए निकली थीं।

बताया जाता है कि रास्ते में नहर को पार करने के लिए वह नहर पर रखे विद्युत पोल के सहारे दूसरी ओर जाने का प्रयास कर रही थीं।इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह विद्युत पोल से फिसलकर नहर में जा गिरीं। घटना की जानकारी होते ही आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों मेंअफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने आनन-फानन में महिला को नहर से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चंदा देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार नहर पार करने के लिए विद्युत पोल का सहारा लेना लोगों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है। ऐसे में इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से नहर पार करने के लिए सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
